नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ मिलकर नई दिल्ली में हीरो मोटोकॉर्प की पहली फ्लेक्स-फ्यूल मोटरसाइकिल को लॉन्च किया। इस ऐतिहासिक पहल पर पूरी टीम को बधाई देते हुए गडकरी ने कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ, आत्मनिर्भर और टिकाऊ मोबिलिटी (परिवहन) के दृष्टिकोण के बिल्कुल अनुकूल है। दुनिया के सबसे बड़े दोपहिया बाजार के रूप में, भारत अब फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक की दिशा में वैश्विक नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस तकनीक के फायदों को रेखांकित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि फ्लेक्स-फ्यूल इंजनों को अपनाने से कार्बन मोनोऑक्साइड उत्सर्जन में 77 प्रतिशत तक की भारी कमी आएगी, जिससे पर्यावरण को संजीवनी मिलेगी। इसके अलावा, ईंधन आयात पर देश की निर्भरता कम होगी और लगभग 1.44 लाख करोड़ रुपये की विशाल विदेशी मुद्रा की बचत होगी। गडकरी ने जोर देकर कहा कि इस नई शुरुआत से बायोफ्यूल (जैव ईंधन) की मांग बढ़ेगी, जिससे सीधे तौर पर हमारे किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और ग्रामीण ऊर्जा सुरक्षा सुदृढ़ होगी। यह ‘वेस्ट-टू-वेल्थ’ (कचरे से कंचन) अभियान को गति देने के साथ ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।
