कोरबा। शहर में शनिवार को शॉर्ट सर्किट के कारण दो अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाओं ने बिजली व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया। पहली घटना मानिकपुर की उरांव बस्ती में बिजली के खंभे पर लगे लाइन बॉक्स में हुई, जबकि दूसरी घटना दादर के दामाद मोहल्ला में ट्रांसफार्मर में आग लगने की रही। दोनों घटनाओं के चलते संबंधित क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मानिकपुर की उरांव बस्ती में लाइन बॉक्स में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। करीब 15 मिनट तक बॉक्स से चिंगारियां निकलती रहीं और पटाखों जैसी तेज आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। बाद में विद्युत प्रवाह बंद होने से पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कई बिजली खंभे जर्जर हो चुके हैं, तार लटक रहे हैं और लाइन बॉक्स भी जंग खा चुके हैं, लेकिन विभाग समय पर मरम्मत नहीं कर रहा है। लोगों ने बिजली व्यवस्था में सुधार और नियमित रखरखाव की मांग की है।
