बिलासपुर की सरकारी शराब दुकान में भीषण आग, लाखों का स्टॉक जलकर खाक

Follow Us

बिलासपुर। शहर के व्यापार विहार स्थित सरकारी शराब दुकान में शनिवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि इसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड के तीन वाहनों के साथ हाई कोर्ट परिसर में तैनात दमकल वाहन को भी मौके पर बुलाना पड़ा। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट दीपांशु नाथ के अनुसार, रात करीब 2:22 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया। फायर टीम ने सुबह करीब 4 बजे तक प्रयास कर आग को नियंत्रित किया और इसे आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया।

आगजनी में दुकान में रखा शराब का बड़ा स्टॉक और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। एडिशनल कमिश्नर एक्साइज नवनीत तिवारी ने बताया कि दुकान में 80 से 90 ब्रांड की शराब का स्टॉक मौजूद था। फिलहाल स्टॉक का मिलान कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।