सेवा संकल्प अभियान के तहत 35 युवाओं ने किया रक्तदान
कांकेर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज मेडिकल कॉलेज संबद्ध कोमलदेव जिला चिकित्सालय कांकेर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शहर के नागरिकों, स्वास्थ्य कर्मियों तथा मेडिकल कॉलेज एवं नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान किया। कुल 35 युवाओं ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए अपना योगदान दिया।
शिविर के साथ स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें कांकेर विधायक आशाराम नेताम, कलेक्टर कुन्दन कुमार सहित जनप्रतिनिधियों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान कलेक्टर कुन्दन कुमार ने अस्पताल अधीक्षक से चिकित्सालय में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों की जानकारी ली तथा आवश्यक कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने चिकित्सालय में पिछले कुछ दिनों से खराब ईको मशीन को रिप्लेस कर एक सप्ताह के भीतर नई ईको मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को आवश्यक जांच की सुविधा सुचारू रूप से मिल सके। रक्तदान करने वाले युवाओं को विधायक आशाराम नेताम एवं कलेक्टर कुन्दन कुमार ने प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. यास्मीन खान, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, सीएमएचओ डॉ. आर.सी. ठाकुर, अस्पताल अधीक्षक डॉ. विमल भगत, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, नगरपालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक, राजा देवनानी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

