धमतरी। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शराबबंदी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। धमतरी में आयोजित युवा नशा मुक्ति कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मंत्री चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने गंगाजल हाथ में लेकर प्रदेश में शराबबंदी का वादा किया था, लेकिन सत्ता में रहने के पांच साल बाद भी यह वादा पूरा नहीं किया गया।
धमतरी के मराठा मंगल भवन में आयोजित एक दिवसीय युवा नशा मुक्ति कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक करना था। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और युवाओं से नशामुक्त भारत अभियान में भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में जब मंत्री ओपी चौधरी से प्रदेश में शराबबंदी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने जनता से शराबबंदी का वादा किया था, लेकिन उसे पूरा नहीं किया।
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत देशभर में नशामुक्ति अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले 100 रविवार तक विभिन्न स्थानों पर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान भी चलाया जाएगा। ओपी चौधरी के इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में शराबबंदी का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

