कुवैत एयरपोर्ट पर ईरानी ड्रोन हमले में उज्जैन के ‘शेरू भाई’ की गई जान

Follow Us

उज्जैन। कुवैत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए भीषण ईरानी ड्रोन हमले में उज्जैन के एक 50 वर्षीय व्यक्ति मंजूर अहमद उर्फ शेरू भाई की दर्दनाक मौत हो गई। वे पिछले 30 वर्षों से कुवैत में रहकर टेलरिंग (दर्जी) का काम करते थे, जबकि उनका परिवार उज्जैन की राजरायल कॉलोनी में रहता है। परिजनों के मुताबिक, मंजूर की बुधवार सुबह साढ़े सात बजे भारत लौटने की फ्लाइट थी। वे दिल्ली होते हुए अपने घर उज्जैन आने वाले थे और उन्होंने एक दिन पहले ही फोन पर परिवार से बात भी की थी।

मंजूर अहमद अपनी वतन वापसी के लिए सुबह-सुबह कुवैत एयरपोर्ट पहुंचे ही थे कि तभी ईरान की ओर से दागे गए आत्मघाती ड्रोन ने टर्मिनल को निशाना बना दिया। इस अचानक हुए धमाके की चपेट में आने से मंजूर भाई की मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया है; वे अपने पीछे पत्नी, दो विवाहित बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। फिलहाल, कुवैत में रह रहे उनके रिश्तेदार और परिचित दिवंगत मंजूर के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए कानूनी प्रक्रियाओं और प्रयासों में जुटे हैं।