गृह मंत्रालय ने शहजाद भट्टी नेटवर्क को आतंकवादी संगठन घोषित किया

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत शहजाद भट्टी नेटवर्क (एसबीएन) को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। मंत्रालय के अनुसार, यह नेटवर्क सीमा पार से हथियारों, विस्फोटकों और नशीले पदार्थों की तस्करी के साथ-साथ युवाओं और स्थानीय अपराधियों को आतंकवादी गतिविधियों के लिए उकसाने में शामिल है। नेटवर्क के खिलाफ हाल के दिनों में कई मामले दर्ज किए जाने के बाद सरकार ने यह कार्रवाई की है।

गृह मंत्रालय ने कहा कि एसबीएन का उद्देश्य भोले-भाले युवाओं और स्थानीय अपराधियों को अपने साथ जोड़कर सीमा पार से हथियार, विस्फोटक और नशीले पदार्थों की तस्करी करना तथा आतंकवादी गतिविधियों के माध्यम से देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सांप्रदायिक सौहार्द और आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करना है।

मंत्रालय के मुताबिक, यह नेटवर्क विभिन्न डिजिटल संचार माध्यमों का इस्तेमाल कर भड़काऊ संदेश प्रसारित करता है और हिंसक गतिविधियों के जरिए आतंकवाद को बढ़ावा देने तथा लोक व्यवस्था को बाधित करने का प्रयास करता है। शहजाद भट्टी को कुख्यात पाकिस्तानी गैंगस्टर बताया जाता है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उसके वर्तमान में ब्राजील या दुबई में होने की संभावना जताई जाती है। उसका नाम विशेष रूप से पंजाब में हमले करवाने और धमकियां देने समेत कई मामलों में सामने आया है।

यूएस के सामने झुकना बंद करें, यूपीआई टैक्स वापस लें, राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

अगस्त में सुरक्षा एजेंसियों ने शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ देश के 14 राज्यों में व्यापक कार्रवाई की थी। उस दौरान 253 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई थी। नेटवर्क के खिलाफ 80 से अधिक प्राथमिकी दर्ज होने और 200 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी की भी जानकारी दी गई है। सरकार की ओर से की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य नेटवर्क से जुड़े लोगों और उसकी गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए संभावित खतरों को रोकना बताया गया है।