हिमाचल की मणिमहेश यात्रा पर अस्थाई रोक, मौसम की खराबी के चलते प्रशासन ने लिया फैसला

Follow Us

भरमौर । हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम के चलते भरमौर प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा को अस्थायी तौर पर रोक दिया है। मणिमहेश और गौरीकुंड क्षेत्र में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया। एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने यात्रा पर अस्थायी रोक की पुष्टि की है।

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, गुरुवार सुबह से भरमौर के निचले इलाकों में बारिश हो रही है, जबकि ऊंचे पहाड़ों पर हल्का हिमपात हुआ है। मौसम की स्थिति को देखते हुए श्रद्धालुओं को फिलहाल आगे नहीं जाने और सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से आगामी आदेशों का इंतजार करने की अपील की है। मौसम साफ होने के बाद यात्रा फिर शुरू की जाएगी।

लोकभवन में मनाया गया विश्वकर्मा जयंती

मणिमहेश यात्रा के बड़े शाही स्नान को लेकर भी अब मौसम की स्थिति पर नजर है। 18 सितंबर को दोपहर 1 बजे से बड़ा शाही स्नान शुरू होगा, जो 19 सितंबर शाम 3.28 बजे तक चलेगा। हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और जम्मू से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शाही स्नान के लिए भरमौर पहुंचे हैं।अब तक हजारों श्रद्धालु मणिमहेश की डल झील में पवित्र स्नान कर चुके हैं। बड़े शाही स्नान के दौरान भी हजारों श्रद्धालुओं के डल झील में डुबकी लगाने की संभावना है। शाही स्नान के साथ ही आधिकारिक तौर पर मणिमहेश यात्रा का समापन होगा। हालांकि, कल होने वाला शाही स्नान मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम खराब रहने की स्थिति में जोखिम न उठाने की अपील की है।