मुंबई। सनी देओल और प्रीति जिंटा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का टीजर रिलीज हो गया है। टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है और कई दर्शकों को सनी देओल की सुपरहिट फिल्म गदर की याद आ गई है। फिल्म भारत की आजादी और वर्ष 1947 के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। टीजर की शुरुआत आमिर खान के दमदार वॉइसओवर से होती है। वह कहते हैं, “हिंदुस्तान, जिसे बड़े संघर्ष और कुर्बानियां देने के बाद 200 साल की गुलामी से आजादी तो मिली, लेकिन अफसोस मुल्क का बंटवारा हो गया। मजहब के नाम पर इंसानियत की हत्या हो रही थी।” इसके बाद टीजर में सनी देओल अपने दमदार एक्शन अवतार में नजर आते हैं, जबकि प्रीति जिंटा भावनात्मक किरदार में दिखाई देती हैं।
सनी देओल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर टीजर साझा करते हुए लिखा, “जब बंटवारे ने लोगों के बीच लाइन खींची, तो उसने डर के ऊपर साहस को चुना।” फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा शबाना आजमी, करणवीर देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण आमिर खान ने किया है और यह 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पहले था ‘लाहौर 1947’ नाम फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। शुरुआत में इस फिल्म का नाम ‘लाहौर 1947’ रखा गया था, लेकिन बाद में मेकर्स ने इसे बदलकर ‘बंटवारा 1947’ कर दिया। भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
