दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण मिलने से आसान हुआ जीवन
कांकेर। दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्रतानुसार निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदान किए जा रहे हैं। जिला कार्यालय समाज कल्याण विभाग कांकेर द्वारा जिले के दूरस्थ क्षेत्रों पखांजूर, बांदे सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले दिव्यांगजनों को मेडिकल प्रमाण पत्र बनवाने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। मेडिकल दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी होने के उपरांत यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीयन, पेंशन अपडेट, राशन कार्ड एवं अन्य शासकीय योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
इसी क्रम में दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए। ग्राम एनहुर निवासी कुमारी दुलारी मंडावी को श्रवण यंत्र, गरिमा बखला को बैटरी साइकिल, ग्राम बरकच्छार निवासी होमेश्वर कुमार को ट्राई साइकिल, ग्राम चपेली चारामा निवासी कुमारी देविका दर्रो को श्रवण यंत्र तथा अखिलेश्वर कुमार सलाम, को व्हीलचेयर प्रदान की गई। समग्र शिक्षा के बीआरपी शैलेन्द्र साहू के माध्यम से तीन दिव्यांग विद्यार्थियों के यूडीआईडी कार्ड एवं सहायक उपकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए गए थे।
विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करते हुए पात्रतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन में सुविधा के साथ उनकी आवागमन में मदद मिलेगी। सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के साथ ही जिला प्रशासन कांकेर के प्रति आभार व्यक्त किया।

