मुंबई। अभिनेता और सांसद रवि किशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह भगवान शिव का भजन ‘हर हर भोले नमः शिवाय’ गाते नजर आ रहे हैं। उनके भक्तिमय अंदाज की जहां फैंस जमकर तारीफ कर रहे हैं, वहीं वीडियो में उनकी कलाई पर नजर आई लग्जरी घड़ी भी चर्चा का विषय बन गई है। वीडियो में रवि किशन हल्के नीले रंग की शर्ट, सफेद ट्राउजर और गले में स्कार्फ पहने नजर आते हैं। भजन गाते समय उनकी कलाई पर बंधी घड़ी ने वॉच लवर्स का ध्यान अपनी ओर खींचा। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने दावा किया कि उन्होंने स्विस लग्जरी ब्रांड Hublot की Big Bang Meca-10 घड़ी पहन रखी है।
मीडिया रिपोर्ट्स और लग्जरी वॉच पेजों के मुताबिक, Hublot Big Bang Meca-10 अपने स्केलेटन डायल, 10 दिन के पावर रिजर्व और प्रीमियम डिजाइन के लिए जानी जाती है। अलग-अलग वेरिएंट के आधार पर इसकी कीमत 30 लाख रुपये से अधिक हो सकती है, जबकि कुछ रिपोर्ट्स में रवि किशन की घड़ी की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है। हालांकि, अभिनेता ने इस घड़ी के मॉडल या कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
यह पहला मौका नहीं है जब रवि किशन की घड़ी चर्चा में आई हो। इससे पहले भी एक वायरल वीडियो में उनकी कलाई पर नजर आई घड़ी को कुछ वॉच एक्सपर्ट्स ने Richard Mille RM 11-03 Flyback Chronograph बताया था। हालांकि, इस दावे की भी अभिनेता की ओर से पुष्टि नहीं की गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मॉडल की कीमत करीब 2.7 करोड़ रुपये तक हो सकती है। फिलहाल, सोशल मीडिया पर रवि किशन का शिव भजन और उनकी लग्जरी वॉच दोनों ही चर्चा का विषय बने हुए हैं।
