रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। सहायक पुलिस आयुक्त यातायात स्नेहिल साहू के नेतृत्व में देर रात शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर जांच अभियान चलाया गया।इस दौरान आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर मशीनों से वाहन चालकों की जांच की गई, जिसमें 14 कार, 9 पिकअप, 3 दोपहिया और 1 ट्रक समेत कुल 27 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत तत्काल कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में कुल 3780 वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि नशे की हालत में वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता और वाहन नियंत्रण प्रभावित होता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
