कोरबा। जिले के पथरीपारा में रविवार सुबह एक कोबरा सांप के घर में घुस आने से हड़कंप मच गया। सांप ने पहले घर के बाहर पिंजरे में बंद पालतू तोते को डस लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद कोबरा घर के भीतर बने पूजा कक्ष में पहुंचकर भगवान की मूर्तियों के बीच फन फैलाकर बैठ गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
सावन माह और नाग पंचमी नजदीक होने के कारण कुछ लोगों ने इसे आस्था से जोड़ते हुए नाग की पूजा भी की, हालांकि किसी ने भी सांप को नुकसान पहुंचाने की कोशिश नहीं की। सूचना मिलने पर रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (आरसीआरएस) के अध्यक्ष अविनाश यादव अपनी टीम के सदस्य मानस के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक कोबरा पूजा कक्ष से निकलकर दूसरे कमरे में छिप गया था। रेस्क्यू टीम ने पूरे घर की सावधानीपूर्वक तलाशी लेकर कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया और उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ने के लिए अपने साथ ले गई। इस दौरान न तो किसी व्यक्ति को कोई नुकसान पहुंचा और न ही सांप को चोट आई, जिससे परिवार और मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली।
