नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए राष्ट्रीय राजधानी की निचली अदालतों के 138 जजों का तबादला कर दिया है। इस व्यापक फेरबदल की सबसे खास बात यह है कि NEET पेपर लीक मामले की सुनवाई कर रहीं स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट की जज अनु ग्रोवर बालिगा का भी ट्रांसफर कर दिया गया है। उन्हें अब राउज एवेन्यू स्थित एनआईए (NIA) स्पेशल कोर्ट की कमान सौंपी गई है। उनकी जगह अब जज अजय गुप्ता (पूर्व विशेष सीबीआई जज) NEET पेपर लीक केस की सुनवाई करेंगे।
इस आदेश के तहत राउज एवेन्यू कोर्ट में 13 विशेष जजों की तैनाती की गई है, जो UAPA, एनआईए, NDPS और मकोका (MCOCA) जैसे बेहद संवेदनशील एवं गंभीर मामलों का निपटारा करेंगे। हाइकोर्ट ने राउज एवेन्यू कोर्ट में 6 जजों को ‘स्पेशल एक्सक्लूसिव NIA जज’ नियुक्त किया है, जिनमें अनु ग्रोवर बालिगा, विकास ढुल, प्रशांत शर्मा, अमित बंसल, किरण बंसल और पुलस्त्य प्रमाचल शामिल हैं। ये सभी जज 4 अगस्त से अपने-अपने नए पदों पर कामकाज संभालेंगे।
