ऑपरेशन आघात: 8 मामलों में 10 आरोपी गिरफ्तार, 164 लीटर महुआ शराब और 67 पाव देशी शराब जब्त

Follow Us

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने पिछले दो दिनों में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 अलग-अलग मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 164 लीटर महुआ शराब और 67 पाव देशी शराब जब्त की गई। सबसे बड़ी कार्रवाई थाना पूंजीपथरा पुलिस ने की, जहां दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 100 लीटर महुआ शराब और दो मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। इसके अलावा तमनार, कोतरारोड़, छाल और खरसिया थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” आगे भी लगातार जारी रहेगा।