मुजफ्फरपुर। दिल्ली के बाद अब बिहार के मुजफ्फरपुर से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां प्रसाद अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में तड़के सुबह करीब साढ़े तीन बजे भीषण आग लग गई। इस हादसे में दम घुटने और झुलसने से 4 मरीजों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सूझबूझ से आईसीयू तथा अन्य वार्डों से करीब 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मुजफ्फरपुर के जिला मजिस्ट्रेट सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि हादसे के वक्त आईसीयू में 13 मरीज भर्ती थे और मृतकों का यह आंकड़ा अभी बढ़ भी सकता है।
शुरुआती आशंका के अनुसार, आग आईसीयू के ऑक्सीजन यूनिट और मॉनिटर सिस्टम में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। अस्पताल में जहरीला धुआं फैलते ही चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। जिला प्रशासन ने इस दर्दनाक घटना के कारणों की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं, साथ ही अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही दिल्ली के एक रेस्तरां में भी ऐसी ही आग लगी थी, जिसमें 21 लोगों की जान चली गई थी।
