शिक्षा व्यवस्था पर सवाल: कॉलेज में अटेंडेंस के बदले हजारों रुपए वसूलने का मामला

Follow Us

जगदलपुर। जगदलपुर के धरमपुरा स्थित वेदमाता गायत्री शिक्षा महाविद्यालय में अटेंडेंस (उपस्थिति) के नाम पर बीएड-डीएड छात्रों से अवैध वसूली का गंभीर मामला प्रकाश में आया है पड़ताल और स्टिंग ऑपरेशन में खुलासा हुआ है कि, कॉलेज प्रबंधन परीक्षा में बैठने की अनुमति देने के बदले छात्रों से 25 से 30 हजार रुपये तक की मनमानी डिमांड कर रहा है। आरोप है कि, प्रोफेसर कामना वर्मा और राजीव निगम जैसे जिम्मेदार शिक्षक कम उपस्थिति वाले छात्रों को बुलाकर सेमेस्टर के हिसाब से 15 से 35 हजार रुपये वसूल रहे हैं, लेकिन इसकी कोई रसीद नहीं दी जा रही।

स्टिंग के दौरान एक छात्र ने पुष्टि की कि, उसने परीक्षा में अनिवार्य 75-80% उपस्थिति की पूर्ति के लिए बंद कमरे में 35 हजार रुपये दिए हैं। छात्रों को डराया जा रहा है कि, पैसे न देने पर उन्हें एग्जाम में बैठने नहीं दिया जाएगा। दूसरी ओर, प्रोफेसर राजीव निगम ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे झूठा करार दिया है। हालांकि, नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन (NCTE) के कड़े नियमों के बावजूद निजी कॉलेजों में ‘फाइन’ या ‘एडजस्टमेंट’ के नाम पर यह खेल खुलेआम जारी है।

एनसीटीई के मानकों के अनुसार थ्योरी में 80% और इंटर्नशिप में 90% हाजिरी जरूरी है, जिसका फायदा उठाकर यह अवैध वसूली की जा रही है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है। जब तक छात्रों का शोषण करने वाले इन दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक इस भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच जारी रहेगी। शिक्षा के मंदिर में पैसों के बदले हाजिरी बांटने का यह कृत्य नियमों का बड़ा उल्लंघन है।