गणेश उत्सव में बप्पा को घर की बनी अलग-अलग मिठाइयों का भोग लगाने का खास महत्व होता है। अगर इस बार आप गणपति बप्पा के लिए कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहती हैं, तो रसमलाई लड्डू एक बेहतरीन विकल्प है। रसमलाई के मलाईदार और शाही स्वाद से बने ये लड्डू न सिर्फ भोग के लिए खास हैं, बल्कि प्रसाद के रूप में भी सभी को पसंद आएंगे।
रसमलाई लड्डू बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होगी। मिल्क पाउडर, फुल क्रीम दूध, कंडेंस्ड मिल्क और कुछ सामान्य सामग्री की मदद से इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। केसर, इलायची, गुलाब जल और ड्राई फ्रूट्स इसका स्वाद और खुशबू और भी बढ़ा देते हैं।
सामग्री
0 मिल्क पाउडर – 1 कप
0 फुल क्रीम दूध – ½ कप
0 कंडेंस्ड मिल्क – ½ कप
0 घी – 2 बड़े चम्मच
0 चीनी – 2 से 3 बड़े चम्मच
0 इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
0 केसर – 8 से 10 धागे
0 गुलाब जल – ½ छोटा चम्मच
0 पिस्ता – 2 बड़े चम्मच
0 बादाम – 2 बड़े चम्मच
बनाने की विधि
सबसे पहले कड़ाही में घी गर्म करें और इसमें मिल्क पाउडर डालकर धीमी आंच पर हल्का भूनें। ध्यान रखें कि इसका रंग न बदले। अब इसमें धीरे-धीरे दूध और कंडेंस्ड मिल्क डालते हुए लगातार चलाएं। मिश्रण के गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने पर इसमें चीनी, इलायची पाउडर और केसर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
गैस बंद करने के बाद गुलाब जल डालें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। हल्का गर्म रहने पर हाथों पर थोड़ा घी लगाकर मिश्रण के छोटे हिस्से लें और गोल आकार में लड्डू बना लें। ऊपर से कटे हुए पिस्ता और बादाम लगाएं।
तैयार हैं स्वादिष्ट रसमलाई लड्डू। इन्हें कुछ देर फ्रिज में ठंडा करने के बाद गणपति बप्पा को भोग लगाएं और परिवार के साथ प्रसाद का आनंद लें।
