ऊधमपुर में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, 2 आतंकी ढेर; सर्च ऑपरेशन जारी

Follow Us

ऊधमपुर । जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले के पहाड़ी क्षेत्र मजालता में रात सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई में दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है, हालांकि अभी तक सुरक्षा एजेंसियों की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सुरक्षा बल इलाके में मारे गए आतंकियों के शवों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने मजालता तहसील के खुबन इलाके की घेराबंदी कर दी। यह क्षेत्र रामकोट-बिलावर मार्ग के आसपास बताया जा रहा है। अभियान में स्थानीय पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और अन्य सुरक्षा बलों के जवान शामिल हैं।

पाकिस्तान से संचालित शहजाद भट्टी नेटवर्क पर केंद्र का बड़ा एक्शन, UAPA के तहत आतंकी संगठन घोषित

बुधवार रात करीब 9 बजे सुरक्षा बलों ने इलाके में छिपे आतंकियों को बाहर आने के लिए ललकारा। इसके बाद आतंकियों ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने रॉकेट दागे और ड्रोन के जरिए इलाके की निगरानी करते हुए आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया। इसके बाद गोलीबारी बंद हो गई और गुरुवार सुबह तक आतंकियों की ओर से कोई फायरिंग नहीं हुई।सुरक्षा बलों ने पूरे मजालता इलाके की नाकेबंदी कर रखी है। अभियान के दौरान वाहनों की जांच के साथ घर-घर तलाशी ली जा रही है। लोगों को एहतियात के तौर पर घरों के अंदर रहने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियों को पिछले कुछ समय से मजालता और आसपास के इलाकों में आतंकियों की मौजूदगी के इनपुट मिल रहे थे। हालांकि, अब तक इन सूचनाओं की पुष्टि नहीं हो सकी थी। बुधवार शाम मिले ताजा इनपुट के बाद सुरक्षा बलों ने तत्काल अभियान शुरू किया।फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा बल आतंकियों के शव और अन्य संभावित ठिकानों की तलाश कर रहे हैं। ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।