पाकिस्तान से संचालित शहजाद भट्टी नेटवर्क पर केंद्र का बड़ा एक्शन, UAPA के तहत आतंकी संगठन घोषित

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने पाकिस्तान से संचालित बताए जा रहे शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया है। गृह मंत्रालय के अनुसार, यह नेटवर्क भारत में हथियार, विस्फोटक और मादक पदार्थों की तस्करी के साथ-साथ युवाओं को आतंकवादी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिशों में लिप्त था।

गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत की गई है। सरकार के अनुसार, नेटवर्क भारत की सुरक्षा, लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने के उद्देश्य से डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल कर रहा था।सुरक्षा एजेंसियों ने इस नेटवर्क के खिलाफ देश के कई राज्यों में व्यापक अभियान चलाया। जांच के दौरान नेटवर्क से जुड़े लोगों की गिरफ्तारियां की गईं और हथियारों तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री की बरामदगी की जानकारी सामने आई। एजेंसियों के मुताबिक, नेटवर्क का संचालन सीमा पार से किया जा रहा था।

वीर सैनिकों के सम्मान में रक्षा मंत्रालय बड़ा फैसला, जीवनभर मुफ्त रेल यात्रा कर सकेंगे जांबाज और उनके परिवार

जांच में यह भी सामने आया कि नेटवर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और डिजिटल कम्युनिकेशन माध्यमों के जरिए युवाओं को निशाना बना रहा था। आरोप है कि आर्थिक लालच और अन्य प्रलोभनों के जरिए युवाओं तथा छोटे अपराधों में शामिल लोगों को जासूसी और हिंसक गतिविधियों से जोड़ने की कोशिश की जाती थी।सरकार के इस फैसले के बाद शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े लोगों, उसकी फंडिंग, भर्ती और डिजिटल गतिविधियों पर कार्रवाई का दायरा और बढ़ सकता है।