नईदिल्ली। भारत ने सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का पर कथित ड्रोन दागे जाने की घटना पर चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत नागरिकों के जीवन और बुनियादी ढांचे को खतरे में डालने वाली किसी भी कार्रवाई का विरोध करता है। उन्होंने कहा कि मक्का के पास हुई यह घटना विशेष रूप से चिंताजनक है क्योंकि यह शहर दुनिया भर के मुसलमानों के लिए विशेष महत्व रखता है।
जायसवाल ने कहा, हम मक्का के पास हुए ड्रोन हमले से बेहद चिंतित हैं। भारत सऊदी अरब की संप्रभु भूमि पर होने वाले हमलों और नागरिकों के जीवन और बुनियादी ढांचे को खतरे में डालने वाली कार्रवाइयों की कड़ी निंदा करता है। मक्का के पास हुई यह घटना विशेष रूप से चिंताजनक है, क्योंकि यह शहर दुनिया भर के मुसलमानों के लिए विशेष महत्व रखता है। हम क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली की आशा करते हैं।
सऊदी अरब ने दावा किया है कि उसने मक्का के नजदीक एक ड्रोन को नष्ट किया है। सऊदी ने कहा कि ड्रोन पवित्र शहर मक्का की ओर जा रहा था। इसे लेकर मक्का में आपातकालीन अलर्ट भी जारी किया गया था। हालांकि, हूती विद्रोहियों ने हमले से इनकार किया है। हूती विद्रोहियों के पोलित ब्यूरो के प्रवक्ता ने कहा कि मक्का को निशाना बनाने के दावे एक घिसा-पिटा झूठ है जिसका इस्तेमाल पहले भी किया जा चुका है।
