बिलासपुर। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 35 पौवा देशी शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक सेंट्रो कार जब्त की है। दोनों आरोपित जिला अस्पताल के पास शराब की बिक्री और सप्लाई की तैयारी कर रहे थे। सीएसपी गगन कुमार (आईपीएस) ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब बिक्री और उससे जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की सेंट्रो कार में दो व्यक्ति बड़ी मात्रा में देशी शराब लेकर जिला अस्पताल के पास शौचालय (सुलभ) के सामने खड़े हैं और शराब खपाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से 35 नग पौवा देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर मौके से इंदिरा कॉलोनी तारबाहर निवासी सफी कुरैशी और शेख अकबर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
